
IPL 2026: आईपीएल 2026 में Chennai Super Kings की लगातार हार ने फैंस को हैरान कर दिया है। तीन मैच… और तीनों में हार—ऐसा प्रदर्शन शायद ही किसी ने सोचा था। रविवार को Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ खेले गए मुकाबले में CSK को 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह इस सीजन में टीम की लगातार तीसरी हार रही। कई दर्शकों का मानना है कि Mahendra Singh Dhoni की गैरमौजूदगी टीम के प्रदर्शन पर भारी पड़ रही है।
इसी बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर Irfan Pathan ने CSK की हार की बड़ी वजह बताई है। इरफान पठान के मुताबिक टीम के गेंदबाज Noor Ahmad इस समय सबसे बड़ी चिंता बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि नूर अहमद इस सीजन में करीब 10 ओवर फेंक चुके हैं, जिसमें उन्होंने 100 से ज्यादा रन दे दिए, लेकिन एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए। उनकी 11.1 की इकॉनमी रेट भी टीम के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
पठान ने सुझाव दिया कि नूर अहमद को अपने रन-अप में बदलाव करना चाहिए। उनके अनुसार, अगर रन-अप का एंगल सही किया जाए तो गेंदबाजी की एलाइनमेंट बेहतर हो सकती है और प्रदर्शन में सुधार आ सकता है।
इसके अलावा, पठान ने टीम के तेज गेंदबाज Matt Henry के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी गेंदबाज होने के बावजूद मैट हेनरी इस सीजन में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं और उनकी गेंदबाजी टीम की हार का एक बड़ा कारण बनी है।
अब देखना होगा कि आने वाले मैचों में CSK अपनी गलतियों को सुधार पाती है या हार का सिलसिला इसी तरह जारी रहता है।
Written By: Kalpana Pandey



