IPL 2026:आईपीएल 2026 सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में बदलाव करते हुए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को उनके साथ करार की पुष्टि की। माना जा रहा है कि टीम ने यह फैसला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह लिया है।
दरअसल, पिछली नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कड़ी बोली भी देखने को मिली थी। हालांकि बाद में विवाद बढ़ने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश के बाद टीम को उन्हें बाहर करना पड़ा।
इसके बाद केकेआर को उनके स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने का विकल्प दिया गया था। अब टीम ने तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपने साथ जोड़ लिया है।
मुजरबानी पहले पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से खेलने वाले थे, लेकिन आईपीएल में मौका मिलने के बाद उन्होंने पीएसएल की बजाय आईपीएल को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। उन्होंने इस फैसले की जानकारी अपनी पीएसएल फ्रेंचाइजी को भी दे दी है।
गौरतलब है कि मुजरबानी इससे पहले पीएसएल में मुल्तान सुल्तान के साथ जुड़ चुके हैं और अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। अब आईपीएल 2026 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते नजर आएंगे।



