Indias AI ecosystem: प्रौद्योगिकी दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में अब तक का अपना सबसे बड़ा निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी के चेयरमैन एवं सीईओ सत्य नडेला ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट भारत के तेजी से बढ़ते एआई इकोसिस्टम में 17.5 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने को लेकर बेहद उत्साहित है। यह निवेश एशिया में कंपनी का सबसे बड़ा निवेश होगा।
भारत के लिए मजबूत एआई और क्लाउड रणनीति
बेंगलुरु में आयोजित माइक्रोसॉफ्ट के कार्यक्रम में नडेला ने कहा कि कंपनी भारत में विश्वस्तरीय डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड सेवाओं का विस्तार कर रहा है और देश में एआई-संचालित भविष्य के लिए लाखों भारतीयों को कौशल प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है।
नडेला ने कहा, “हम भारत में निवेश को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह 17.5 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
भारत में तेजी से बढ़ता क्लाउड नेटवर्क
नडेला ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट के दुनियाभर में 70 से अधिक डेटा सेंटर क्षेत्र हैं और भारत में कंपनी की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है। भारत में वर्तमान में माइक्रोसॉफ्ट के मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में डेटा नेटवर्क मौजूद हैं। साथ ही, कंपनी जियो के साथ भी साझेदारी कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 2026 तक दक्षिण-मध्य भारत में एक नया डिजिटल सेंटर शुरू किया जाएगा, जो पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल होगा।
साइबर सुरक्षा और डिजिटल संप्रभुता पर जोर
एआई के तेजी से बढ़ते उपयोग के बीच नडेला ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल संप्रभुता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत इन क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व कर सकता है।
प्रधानमंत्री से मुलाकात और प्रतिभा विकास
सत्य नडेला ने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई थी। पीएम मोदी ने इस बड़े निवेश को लेकर गहरी उत्सुकता और समर्थन व्यक्त किया। यह 17.5 अरब डॉलर का निवेश, नडेला की पिछली भारत यात्रा के दौरान घोषित 3 अरब डॉलर के निवेश से अलग और अतिरिक्त है। नडेला ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट आने वाले समय में पूरे भारत में 2 करोड़ लोगों को एआई स्किल ट्रेनिंग देने की योजना पर काम कर रहा है।
Indias AI ecosystem: also read– Anpara (Sonbhadra) : खुद से वादा, मेहनत ज़्यादा और मजबूत इरादा से ही लक्ष्य की प्राप्ति होगी-आर पी सिंह
उन्होंने सरकार के ई-श्रम कार्यक्रम की भी सराहना की और कहा कि एआई असंगठित श्रमिकों की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। नडेला ने विश्वास जताया कि 2030 तक भारत GitHub के साथ दुनिया का सबसे बड़ा डेवलपर समुदाय बनने की क्षमता रखता है।



