U19 World Cup :  भारत छठी बार अंडर-19 विश्व चैंपियन, इंग्लैंड को 100 रनों से हराया

U19 World Cup : अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार खिताब जीता। वैभव सूर्यवंशी की 175 रन की ऐतिहासिक पारी।

U19 World Cup :  भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा साबित करते हुए छठी बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो अंडर-19 विश्व कप फाइनल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत की इस ऐतिहासिक पारी के नायक वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने महज 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में आक्रामक शॉट्स और बेहतरीन टाइमिंग देखने को मिली।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रनों का अहम योगदान दिया, जबकि कनिष्क चौहान (नाबाद 37) और हेनिल पटेल (5 रन) ने पारी को मजबूती दी। इसके अलावा विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू की उपयोगी पारियों की बदौलत भारत नॉकआउट मुकाबलों में 350+ रन बनाने वाली पहली टीम बन गई।

412 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन 22वें ओवर के बाद लगातार विकेट गिरने से उनकी उम्मीदें टूट गईं। इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। बेन डॉकिन्स ने 66 और बेन ने 45 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज मैच पलट नहीं सका।

अंडर-19 विश्व कप में भारत का दबदबा

भारत इससे पहले 1999 (मोहम्मद कैफ), 2008 (विराट कोहली), 2012 (उन्मुक्त चंद), 2018 (पृथ्वी शॉ) और 2022 (यश ढुल) की कप्तानी में खिताब जीत चुका है। अब 2026 में आयुष म्हात्रे की अगुवाई में भारत ने छठी बार चैंपियन बनकर अपनी मजबूत युवा क्रिकेट प्रणाली का लोहा मनवाया है।

Show More

Related Articles

Back to top button