
Ramallah: भारत फिलिस्तीन में बिजली संकट को कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा से जुड़े कई अहम कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में भारत ने फोटोवोल्टिक पीवी सोलर पैनल, स्टडी लैंप और रूफटॉप सिस्टम लगाने में सहयोग दिया है, जिससे वहां की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ शिक्षा और सामुदायिक विकास को भी मजबूती मिल रही है। यह पहल नवीकरणीय ऊर्जा और मानवीय सहायता के जरिए फिलिस्तीनी क्षेत्रों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति सुधारने पर केंद्रित है।
फिलिस्तीन में भारत की प्रतिनिधि महिमा सिकंद ने अल-बिरेह शहर के मेयर इस्लाम अल-तविल और नगर पालिका के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता भारत सरकार के वित्त पोषित क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट (QIP) के तहत किया गया है, जिसके जरिए नगर पालिका में पीवी सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस परियोजना से करीब 50 किलोवाट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर बिजली की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। भारत के प्रतिनिधि कार्यालय के अनुसार, ऐसे प्रोजेक्ट लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जाते हैं और इनका उद्देश्य सीधे समुदाय को लाभ पहुंचाना है।
Also Read: Rahul Gandhi : राहुल गांधी ने रवनीत बिट्टू को बताया ‘गद्दार’, बीजेपी ने किया पलटवार
भारत और फिलिस्तीन के बीच लंबे समय से विकास सहयोग जारी है। भारत ने पिछले एक दशक से अधिक समय में फिलिस्तीन को मिलने वाली विकास सहायता को दोगुना करते हुए करीब 80 मिलियन डॉलर तक पहुंचाया है। यह सहायता प्रत्यक्ष रूप से और संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के माध्यम से दी जा रही है। हाल ही में नई दिल्ली में भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान दोनों देशों के नेताओं ने गाजा शांति योजना और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की तथा विकास सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। इस तरह भारत स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और सामाजिक विकास के जरिए फिलिस्तीन के साथ अपने संबंधों को लगातार मजबूत कर रहा है।(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)
Written By: Kalpana Pandey



