
India Sri Lanka Fuel Supply : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संघर्ष के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर कई देशों पर पड़ रहा है। इसी बीच भारत ने अपनी “पड़ोसी पहले नीति” को आगे बढ़ाते हुए श्रीलंका को बड़ी राहत दी है। भारत ने श्रीलंका को 38,000 मीट्रिक टन ईंधन की आपूर्ति की है, जिससे वहां के ऊर्जा संकट को कम करने में मदद मिली है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भारत का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह मदद बेहद महत्वपूर्ण समय पर मिली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बताया कि उन्होंने हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की थी, जिसमें ईंधन आपूर्ति में आ रही बाधाओं पर चर्चा हुई थी।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में भारत की “तेज़ मदद” की सराहना करते हुए कहा कि कोलंबो को 38,000 मीट्रिक टन ईंधन प्राप्त हुआ है। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी विशेष रूप से आभार जताया, जिन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में समन्वय बनाए रखा।
श्रीलंका ने भारत से आपातकालीन मदद मांगी
दरअसल, श्रीलंका पहले पश्चिम एशिया और सिंगापुर से ईंधन आयात करता था, लेकिन होर्मुज़ जलडमरूमध्य में तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष के चलते सप्लाई बाधित हो गई। जिन कंपनियों के साथ श्रीलंका के कॉन्ट्रैक्ट थे, उन्होंने ईंधन आपूर्ति में असमर्थता जता दी।
इसके बाद श्रीलंका ने भारत से आपातकालीन मदद मांगी। भारत सरकार ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के जरिए यह सप्लाई सुनिश्चित की।
इस खेप में 20,000 मीट्रिक टन डीज़ल और 18,000 मीट्रिक टन पेट्रोल शामिल है।
भारत और श्रीलंका के बीच इस सहयोग को क्षेत्रीय सुरक्षा और ऊर्जा साझेदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।



