India–Malaysia Relations: पीएम मोदी बोले – हर क्षेत्र में साझेदारी का होगा विस्तार

India–Malaysia Relations: मलेशिया के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही।

India–Malaysia Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के द्विपक्षीय संबंध लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं और दोनों देश मिलकर इन्हें और मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। मलेशिया के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही।

कुआलालंपुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने स्वयं एयरपोर्ट पर स्वागत किया। अगस्त 2024 में भारत–मलेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली यात्रा है, जिसे दोनों देशों के रिश्तों को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है।

वैश्विक मुद्दों पर साझा सोच

संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत और मलेशिया की बढ़ती दोस्ती अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज की वैश्विक चुनौतियों का समाधान अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार के माध्यम से ही संभव है और भारत शांति के लिए हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा।

अनेक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूती

दोनों प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, कौशल विकास और क्षमता निर्माण सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग भी लगातार मजबूत हो रहा है, जो दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास को दर्शाता है।

भारत–आसियान संबंधों पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए मलेशिया को बधाई देते हुए कहा कि मलेशिया के सहयोग से भारत–आसियान संबंध और अधिक गहरे और व्यापक होंगे। उन्होंने कहा कि लगभग 30 लाख भारतीय मूल के मलेशियाई नागरिक दोनों देशों के बीच मजबूत और जीवंत सेतु का काम कर रहे हैं।

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया की समृद्धि आपस में जुड़ी हुई है और भारत इस साझेदारी को नए स्तर पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Show More

Related Articles

Back to top button