
Smart lockdown news: पाकिस्तान में आज रात 8 बजे से स्मार्ट लॉकडाउन लागू हो जाएगा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोलियम संकट और ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा ऐलान किया। सरकार ने कहा कि इसका उद्देश्य आम जनता और व्यवसायों पर संतुलित प्रभाव डालते हुए ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण करना है।
प्रभावित क्षेत्र और समय
शहबाज सरकार ने पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में सभी बाजार, शॉपिंग मॉल और वाणिज्यिक केंद्र रात 8 बजे बंद करने का निर्णय लिया है। खैबर पख्तूनख्वा के कुछ संभागीय मुख्यालयों में मॉल रात 9 बजे तक खुले रहेंगे।
प्रतिबंध और छूट
बैठक में यह तय किया गया कि बेकरी, रेस्टोरेंट, खाने-पीने की दुकानें, मैरिज हॉल और टेंट जैसे समारोह स्थलों को रात 10 बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा। निजी संपत्तियों में रात 10 बजे के बाद शादी और अन्य समारोह आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, मेडिकल स्टोर और फार्मेसी इन नियमों से बाहर हैं और इन्हें कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
शहबाज शरीफ ने गिलगित और मुजफ्फराबाद में अगले एक महीने तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट फ्री करने का ऐलान किया। इसका पूरा खर्चा सरकार वहन करेगी। यह कदम नागरिकों की सुविधा और ईंधन की बचत दोनों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
Also Read: Unnao News- एसिड अटैक सर्वाइवर्स का हौसला बढ़ाने को उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित
क्यों लिया गया लॉकडाउन का फैसला?
पिछले दिनों ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही रोक दी थी, जिससे साउथ एशिया और यूरोपीय देशों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी बढ़ गई। भारत, नेपाल और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों ने इस संकट से निपटने के लिए पहले ही कदम उठाए, लेकिन पाकिस्तान को स्मार्ट लॉकडाउन लागू करना पड़ा।
आज रात से लागू होने वाला यह स्मार्ट लॉकडाउन पाकिस्तान में पेट्रोलियम संकट से निपटने और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देगा। शहबाज सरकार ने जनता से सहयोग की अपील की है ताकि यह कदम सफल हो और देश में ईंधन संकट से निपटा जा सके।
Written By: Kalpana Pandey



