
अनपरा, सोनभद्र। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर द्वारा “जल संरक्षण जागरूकता माह 2026” का समापन समारोह टीटीएमडीसी कॉन्फ्रेंस हॉल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आदित्य वंदना से हुई, जिसके बाद दीपक शंकधर ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। पर्यावरण विभाग के प्रभारी कमलेश कुमार मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पूरे माह आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में हेड एचआर आशीष पांडेय, मेंटिनेंस हेड जगदीश पात्रा, संचालन विभाग हेड मनीष जैन, विभिन्न विभागाध्यक्ष, स्कूलों के प्रिंसिपल, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।
आशीष पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि मनुष्य को जल की तरह लचीला और ऊर्जा से भरपूर होना चाहिए, ताकि जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी वह अपने लक्ष्य हासिल कर सके। मनीष जैन ने जल संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी से जागरूक रहने की अपील की। वहीं जगदीश पात्रा ने कहा कि जल के बिना पावर प्लांट का संचालन चुनौतीपूर्ण हो जाता है, इसलिए जल संरक्षण बेहद जरूरी है।
Also Read: Pratapgarh News-लालगंज के बेलहा आईटीआई में प्रशिक्षण का संसद में गूंजा मुददा, प्रमोद ने दागा सवाल
मुख्य अतिथि यूनिट हेड आर पी सिंह ने कहा कि जल संकट एक गंभीर वैश्विक चुनौती बन चुका है और इसका समाधान केवल संरक्षण में ही है। उन्होंने वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा, “जल का हर बूंद अनमोल, संरक्षण ही समाधान है।” समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जिसमें एरियल रोपवे एवं बीपीसी को विजेता और संचालन विभाग को उपविजेता घोषित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सलोनी पाल और रोशन पटेल ने किया, जबकि अंत में अजय मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
संजय द्विवेदी की रिपोर्ट



