
Gujrat Cabinet Expansion. गुजरात में गुरुवार को अचानक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुई बैठक के बाद राज्य मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। यह फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस अहम बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रियों को निर्णय की जानकारी दी, जिसके बाद सभी ने अपने-अपने त्यागपत्र मुख्यमंत्री को सौंप दिए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल देर रात राज्यपाल से मुलाकात कर मंत्रिपरिषद के इस्तीफे सौंपेंगे।
कल होगा कैबिनेट विस्तार
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह 11:30 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में नई कैबिनेट का गठन और शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहेंगे।
संगठन में नई ऊर्जा का संदेश
सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व इस बदलाव के जरिए सरकार और संगठन दोनों में नई ऊर्जा लाना चाहता है। पार्टी की रणनीति है कि 2027 विधानसभा चुनावों से पहले प्रशासनिक टीम को पुनर्गठित किया जाए और युवा व नए चेहरों को शामिल किया जाए।
यह भी पढ़ें – Haryana : भ्रष्टाचार, वसूली और गैंगस्टर… दो पुलिस अफसरों की आत्महत्या से सिस्टम की खुली पोल, जानिये पूरा मामला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों से इस्तीफा देने को कहा था। माना जा रहा है कि यह कदम पार्टी की भविष्य की राजनीतिक तैयारी का हिस्सा है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
अब तक न तो भाजपा की ओर से और न ही मुख्यमंत्री कार्यालय से इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है।