
Entertainment World: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका निशाना बने हैं फिल्ममेकर करण जौहर। गोविंदा ने करण जौहर की 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘गोविंदा नाम मेरा’ को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। उनका दावा है कि इस फिल्म की कहानी उनकी पर्सनल लाइफ, खासकर पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्तों और कथित बेवफाई से प्रेरित है।
एक इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा कि उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं कि कोई उनकी निजी जिंदगी को फिल्म की कहानी में जबरदस्ती फिट करे। उन्होंने कहा कि गोविंदा नाम मेरा की कहानी में पति-पत्नी के बीच शक, झगड़े और गर्लफ्रेंड की वजह से रिश्तों में तनाव दिखाया गया है, जो उनकी असल जिंदगी से काफी मिलता-जुलता लगता है। इसी वजह से उन्हें यह फिल्म बेहद आपत्तिजनक लगी। यही बात उन्हें सबसे ज्यादा चुभी।
गोविंदा ने तीखे लहजे में कहा, “अगर कभी करण जौहर से आमना-सामना हुआ, तो मैं उन्हें रजनीकांत जैसा ट्रीटमेंट दूंगा, सबके सामने!” हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर जगह और हर समय मजाक ठीक नहीं होता और किसी की निजी जिंदगी पर फिल्म बनाना बेहद असंवेदनशील कदम है।
Also Read: Business News: Griha Lakshmi Scheme: हर महीने महिला मुखिया को मिलेंगे 2000 रुपये
अगर फिल्म की कहानी की बात करें, तो इसमें विक्की कौशल ने गोविंद वाघमारे नाम के एक स्ट्रगलिंग डांसर का किरदार निभाया है, जो अपनी पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच उलझा रहता है। पत्नी के साथ तलाक को लेकर पैसों का विवाद, गर्लफ्रेंड के साथ भविष्य के सपने और झूठ के जाल में फंसी जिंदगी — यही फिल्म का मुख्य प्लॉट है। गोविंदा का कहना है कि इस कहानी में उनकी असली जिंदगी की झलक दिखती है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचता है।
गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी 1987 में हुई थी। समय-समय पर उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें सामने आती रही हैं, लेकिन सुनीता ने हमेशा तलाक की खबरों को खारिज किया है। हाल ही में गोविंदा ने भी अपने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की अफवाहों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी थी।
अब इस बयान के बाद बॉलीवुड में हलचल तेज हो गई है और सबकी निगाहें करण जौहर की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
Written By: Kalpana Pandey



