Gorakhpur News-त्योहारों में एकता व सद्भावना का संदेश सनातन धर्म की सबसे बड़ी ताकत

Gorakhpur News-गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर समेत समूचे प्रदेशवासियों को सामाजिक समता, उल्लास और उमंग के पर्व होली की बधाई देते हुए कहा कि पर्व, त्योहारों में निहित एकता, सद्भावना का संदेश ही सनातन धर्म की सबसे बड़ी ताकत है। प्रयागराज महाकुंभ में सनातन धर्म की इसी ताकत का एहसास पूरी दुनिया को कराने के बाद देश और दुनिया के सनातन धर्मावलंबी होलिका दहन और होली की पर्व परंपरा से जुड़कर हर परिस्थिति में सत्य की जीत, एकता, सद्भावना का संदेश दे रहे हैं।

सीएम योगी गुरुवार शाम पांडेय हाता में होलिकादहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित भक्त प्रहलाद शोभायात्रा के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। होली के पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों के प्रति मंगलकामना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली समेत सभी सनातनी पर्व, त्योहारों का एक ही संदेश है, सत्यमेव जयते का। हर हाल में सत्य की ही जीत होती है। थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है लेकिन सत्य को कोई झुका नहीं सकता, झुठला नहीं सकता और समाप्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सत्य का मार्ग ही धर्म का मार्ग है। अस्थायी विजय शॉर्टकट से हासिल नहीं हो सकती और अवसरवादिता महान नहीं बना सकती।

पारंपरिक होली गीतों को पुनर्जीवित करने के लिए मोहल्लों में गठित हों टोलियां

परंपरा और पर्वों को शालीनता से मनाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली पर पारंपरिक गीतों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। पारंपरिक लोक गीत, लोक गाथा इतिहास का हिस्सा होते हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक यह प्रयास होना चाहिए कि पारंपरिक होली गीतों को पुनर्जीवित करने के लिए मोहल्लों में टोलियों का गठन किया जाए।

कर्मों की सजा जरूर मिलती है

मुख्यमंत्री ने होलिकादहन, भक्त प्रहलाद की रक्षा, हिरण्यकश्यप के वध के लिए भगवान नृसिंह के अवतरण का उद्धरण सुनाते हुए कहा कि किसी को भी गुमान में नहीं रहना चाहिए। आज नहीं तो कल , कर्मों की सजा जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि भक्त प्रहलाद के चरित्र से प्रेरणा लेकर हमें सन्मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। सबसे बड़ी भक्ति भावना यह है कि हम अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव रखें।

बिना सहमति न डालें किसी पर रंग, सौहार्द से मनाएं होली

मुख्यमंत्री ने होली के पावन पर्व पर लोगों से अपील की कि हजारों वर्षों की सनातन परंपरा का अनुकरण कर सौहार्द से रंगभरी होली मनाएं। सौहार्द से पर्व का उत्साह व उमंग कई गुना बढ़ जाता है। बिना सहमति किसी पर जबरन रंग न डालें।, बीमार लोगों पर रंग न डालें। उन्होंने कहा कि होलिका दहन को अहंकार और कुप्रवृत्तियों के भी दहन का अवसर बनाना चाहिए।

युवाओं के लिए आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज पुलिस आरक्षी भर्ती का परिणाम आया है। पुलिस बल में 60244 आरक्षी नवचयनित हुए हैं। प्रसन्नता की बात यह भी है कि इनमें 12 हजार से अधिक बेटियां हैं।

सीएम ने उतारी भक्त प्रहलाद की आरती, खेली फूलों की होली
Read Also-Shimla: शिमला के सेब कारोबारी से 16.65 लाख की ठगी, मामला दर्ज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के उपरांत होलिका दहन शोभायात्रा के लिए सजाए गए रथ पर अवस्थित भक्त प्रहलाद की आरती उतारी। उनके चित्र पर फूल बरसाने के बाद बड़े ही उमंग से उपस्थित जनसमूह पर पुष्प वर्षा करते हुए फूलों से होली खेली। शोभायात्रा को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

Show More

Related Articles

Back to top button