
Goa Nightclub Fire : गोवा के अरपोरा इलाके में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट से आग लग गई, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हैं। मरने वालों में 4 टूरिस्ट और 14 स्टाफ मेंबर शामिल हैं, जबकि 7 शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है और क्लब मालिक सौरभ लूथरा व गौरव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12 बजे सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और कुछ ही मिनटों में आग पूरे क्लब में फैल गई। फायर ब्रिगेड ने लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 मौतें जलने से और बाकी दम घुटने से हुईं। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया गया था। क्लब एक अस्थायी संरचना पर बना था, जिसमें पाम लीव्स से सजावट की गई थी, जिससे आग तेजी से फैली। इस मामले में अरपोरा–नागोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर को भी हिरासत में लिया गया है।
डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि मृतकों में सबसे अधिक संख्या क्लब स्टाफ की है। उन्होंने कहा कि आग ग्राउंड फ्लोर की किचन से ऊपर की ओर फैली, जिसके कारण अधिकांश शव वहीं से मिले। भगदड़ के दौरान दो लोग सीढ़ियों पर ही गिर पड़े।
करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर मौजूद थे
प्रत्यक्षदर्शी फातिमा शेख के अनुसार, आग लगते ही क्लब में जबरदस्त भगदड़ मच गई। उस समय क्लब में करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर मौजूद थे। संकरे निकास मार्ग की वजह से कई लोग बाहर नहीं निकल सके और किचन की ओर फंस गए।
चौंकाने वाली बात यह है कि नाइट क्लब पानी में बना हुआ था, जो एक पतली पगडंडी से जमीन से जुड़ा था। इस वजह से आग बुझाने में अतिरिक्त दिक्कतें आईं। हादसे में 14 स्टाफ, 4 पर्यटक और अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं।



