
Ghaziabad Suicide Case : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों द्वारा कथित तौर पर इमारत से कूदकर आत्महत्या किए जाने के मामले में जांच के दौरान कई नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि इस दुखद घटना के पीछे जटिल पारिवारिक संरचना, लंबे समय से चला आ रहा घरेलू तनाव और आर्थिक परेशानियां अहम कारण हो सकती हैं।
बुधवार को 16, 14 और 11 वर्ष की तीन बहनों की ऊंची इमारत से गिरकर मौत हो गई थी। तीनों बच्चियां अपने पिता और उनकी पत्नियों के साथ एक हाईराइज अपार्टमेंट में रह रही थीं। जांच में सामने आया है कि पिता पेशे से स्टॉक ट्रेडर हैं और उनकी तीन पत्नियां हैं, जो आपस में सगी बहनें बताई जा रही हैं। सबसे बड़ी बेटी पहली पत्नी की संतान थी, जबकि दो छोटी बेटियां दूसरी पत्नी से पैदा हुई थीं।
पुलिस के अनुसार, पिता ने पहली शादी करीब 18 साल पहले की थी। संतान संबंधी समस्याओं के बाद उन्होंने लगभग 15 साल पहले अपनी पत्नी की छोटी बहन से दूसरी शादी की। बाद में तीसरी शादी भी सामने आई है। इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया है कि पिता का एक लिव-इन पार्टनर के साथ पुराना रिश्ता था, जिसकी वर्ष 2015 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
जांच अधिकारियों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति वर्ष 2020 के बाद बिगड़ने लगी, जब महामारी के दौरान वित्तीय दबाव बढ़ा। पुलिस का कहना है कि तीनों बहनें अपनी मां की तुलना में पिता से अधिक भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थीं। यही कारण है कि बरामद सुसाइड नोट में केवल पिता का उल्लेख किया गया है।
डीसीपी पाटिल के मुताबिक, मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। साइबर क्राइम टीम मोबाइल फोन और ऐप्स से जुड़े डेटा की जांच कर रही है। पुलिस पिता की ऑनलाइन गतिविधियों, पारिवारिक हालात और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। फिलहाल मामले को आत्महत्या मानते हुए जांच जारी है।



