
Bihar Sharab Taskari: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा मामला Samastipur जिले के रोसड़ा से सामने आया है, जहां पुलिस ने साइलेंट जेनरेटर के अंदर छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, रविवार (5 अप्रैल) देर शाम रोसड़ा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में साइलेंट पावर जेनरेटर के भीतर शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस को देखकर भागने लगा चालक
पुलिस टीम ने गांधी चौक के पास संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए डाकबंगला के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पहली नजर में जेनरेटर सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन जब पुलिस ने उसे खुलवाया तो सभी हैरान रह गए। जेनरेटर के अंदर से अंग्रेजी शराब की बोतलों से भरे 77 कार्टून बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 691.56 लीटर है। इस मामले में पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार चालक की पहचान गौरव कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो Dhanbad जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
Also Read: Vivah Muhurat 2026: इस दिन समाप्त होगा खरमास, जानें अगले 3 महीने के शादी-ब्याह के शुभ मुहूर्त
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही अन्य तस्करों की पहचान के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
रोसड़ा थाना पुलिस ने कहा है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Written By: Kalpana Pandey



