
Fatehpur Triple Murder : Fatehpur जिले में बुधवार शाम हुए तिहरे हत्याकांड से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन लोगों – मां, बेटे और देवर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
जानकारी के मुताबिक, Chaupherwa गांव निवासी सुशील कुमार श्रीवास्तव बुधवार को शहर में अपनी बेटी के घर किसी काम से गए थे। इस दौरान घर पर उनकी पत्नी सुशीला (55), बेटा अमर (28) और भाई सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव (55) मौजूद थे। इसी बीच शाम के समय अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में अमर और सुनील उर्फ गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुशीला खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। घटना की भनक लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
Anup Kumar Singh ने बताया कि चौफेरवा गांव में मां, बेटे और देवर की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाकर कई टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



