
Fatehabad- फर्जी दस्तावेजों पर युवाओं को विदेश भेजने वालों पर शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस ने गुरुवार को रतिया के एक एजेंट के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में एएसआई अमर सिंह ने कहा है कि गश्त के दौरान जब वह पुलिस टीम के साथ रतिया बस अड्डे पर मौजूद थे, तो उन्हें सूचना मिली कि महेन्द्र सिंह उर्फ मनेन्द्र सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी चिम्मो रतिया में बस अड्डे के पीछे वाली गली में ग्लोबल अकैडमी पीटीई के नाम से अकैडमी चलाता है और बच्चों को विदेश भेजने का काम करता है। इसके अलावा वह आपराधिक किस्म के लोगों के भी फर्जी शिक्षा प्रमाण पत्र तैयार करके विदेश भिजवाता है। इससे हमारे देश की संप्रभुता और अखंडता को भी खतरा है। उन्हें सूचना मिली कि शोभित पुत्र महेन्द्र निवासी रत्ताखेड़ा विदेश भागना चाहता है और महेन्द्र सिंह शोभित के फर्जी शिक्षा प्रमाण पत्र तैयार करवाकर उसको विदेश भागने में सहयोग कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम जब अकैडमी में पहुंची तो अकेडमी पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने महेन्द्र सिंह के घर पर रेड की तो महेन्द्र सिंह घर पर था। पुलिस ने जब महेन्द्र सिंह से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।