
Lucknow News. शहर को हरियाली से भरने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मंगलवार को जोन-7 के लाल बहादुर शास्त्री द्वितीय वार्ड में स्थित कैप्टन आदित्य मिश्रा पार्क में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं। दोनों गणमान्य अतिथियों ने पौधे लगाकर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
100 पौधों का रोपण
वृक्षारोपण अभियान के तहत पार्क में कुल 100 पौधे लगाए गए। इनमें चांदनी, गुड़हल और मौलसरी जैसे पौधे प्रमुख रहे। मंत्री सुरेश खन्ना ने गुड़हल का पौधा लगाया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने चांदनी का पौधा रोपित किया। पार्षदों, अधिकारियों और नगर निगम के कर्मचारियों ने भी पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
मंत्री और महापौर ने की पर्यावरण जागरूकता की अपील
मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊ की हरियाली बढ़ाना नगर निगम की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से अपने वार्डों और मोहल्लों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
कई अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पार्षद भूपेंद्र शर्मा, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, शशिकांत शशि, जोनल सेनेटरी अधिकारी अजीत कुमार, अधिशासी अभियंता सहित नगर निगम लखनऊ के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



