Climate Change India: भारत में घट रहा दिन-रात तापमान अंतर, रातें होंगी ज्यादा गर्म, वैज्ञानिकों का बड़ा खुलासा

Climate Change India: देश में जलवायु परिवर्तन का असर अब और स्पष्ट होता जा रहा है। एक ताज़ा शोध में सामने आया है कि भारत में दिन और रात के तापमान के बीच का अंतर तेजी से कम हो रहा है। इसे वैज्ञानिक भाषा में डायर्नल टेम्परेचर रेंज (DTR) कहा जाता है। इस बदलाव का मतलब है कि आने वाले वर्षों में रातें पहले से ज्यादा गर्म महसूस होंगी।

यह अध्ययन काशी हिंदू विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया है। शोध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आधुनिक तकनीकों जैसे डीप लर्निंग का इस्तेमाल कर 11 वैश्विक जलवायु मॉडलों के डेटा का विश्लेषण किया गया। इसके जरिए भारत के 14 अलग-अलग कृषि-जलवायु क्षेत्रों में तापमान के बदलाव का अनुमान लगाया गया।

शोध के अनुसार, ऐतिहासिक डेटा (वर्ष 1951-2010) की तुलना में भविष्य (वर्ष 2040-2100) के अनुमान डराने वाले हैं। वर्ष 1951 से 2010 के मुकाबले 2040 से 2100 के बीच रात के तापमान में ज्यादा तेजी से बढ़ोतरी होगी। कुछ इलाकों में यह बढ़ोतरी 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है। वहीं, दिन और रात के तापमान का अंतर 2 से 4 डिग्री तक घट सकता है। खासतौर पर प्री-मानसून और पोस्ट-मानसून के समय यह बदलाव ज्यादा प्रभावी रहेगा।

Also Read: Menstrual Leave: विश्व में मासिक अवकाश नीतियाँ और भारत के लिए सबक

वैज्ञानिकों ने पश्चिमी हिमालय, गंगा के मैदानी इलाकों और राजस्थान जैसे शुष्क क्षेत्रों को ऐसे “हॉटस्पॉट” के रूप में चिन्हित किया है, जहां यह प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इससे हीट आइलैंड इफेक्ट और हीट स्ट्रेस बढ़ने की आशंका है।

इस बदलाव का असर सिर्फ मौसम तक सीमित नहीं रहेगा। यह मानव स्वास्थ्य, नींद, फसलों की पैदावार और पशुओं के व्यवहार पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह अध्ययन भविष्य की कृषि रणनीतियों और जलवायु अनुकूलन योजनाओं के लिए बेहद अहम साबित होगा।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button