
नई दिल्ली। ईद से ठीक पहले राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने पुलिस और सिविल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इलाके में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं।
गुरुवार को सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया जाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि पुलिस की मौजूदगी ऐसी होनी चाहिए जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बने।
बेंच ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी वर्ग का कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य न करे जिससे माहौल बिगड़े। कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को ढिलाई न बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाली घटनाओं का असर दूर तक पड़ता है।
कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था केवल ईद तक ही नहीं, बल्कि आगामी रामनवमी तक सख्ती से जारी रखी जाए। मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
क्या है पूरा मामला?
उत्तम नगर के JJ कॉलोनी इलाके में 26 वर्षीय तरुण कुमार की हत्या के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, होली के दौरान एक पानी का गुब्बारा पड़ोस की महिला पर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया।
बताया जा रहा है कि तरुण कुमार पर बैट, लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश और धमकियां सामने आई हैं। कुछ संगठनों की ओर से ‘ईद पर खून की होली’ जैसे विवादित बयान दिए गए हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है।



