
Pratapgarh News – जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने आज कांग्रेस कार्यालय में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया। नेहरू जी की प्रतिमा पर माला और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने नेहरू जी को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के संरक्षण में नेहरू जी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सर्वोच्च नेता के रूप में उभरे। 1947 से 1964 तक उन्होंने भारत का नेतृत्व किया और आधुनिक भारतीय राष्ट्र-राज्य, यानी एक सम्प्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य की नींव रखी। कश्मीरी पंडित मूल होने के कारण उन्हें पंडित नेहरू कहा जाता था, जबकि बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के रूप में जानते थे।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला प्रवक्ता मासूम हैदर ने कहा कि आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री को राष्ट्र नमन करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत नेहरू जी की देन है और देश उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।
जिला महासचिव चंद्रनाथ शुक्ल ने नेहरू जी के जीवन और नेतृत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर प्रभावी भूमिका निभाई और 1951, 1957 और 1962 के लोकसभा चुनाव लगातार जीते। राजनीतिक चुनौतियों और 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद भी नेहरू जी जनता के बीच अत्यधिक लोकप्रिय बने रहे। उनके जन्मदिन को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी, कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष महेन्द्र शुक्ला, कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष दीपक शुक्ल, जिला उपाध्यक्ष राम शिरोमणि वर्मा, जिला प्रवक्ता सुरेश मिश्र, जिला महासचिव अंजली उपाध्याय, सुधीर तिवारी, जिला सचिव के.के. शुक्ल, जिला सचिव धर्मराज सिंह, जिला सचिव आशिक अली, सदर ब्लॉक अध्यक्ष मो. वसीम, सिटी अध्यक्ष शहजाद सलमानी, त्रिलोकी नाथ पाण्डेय, रवि प्रताप सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी वेदान्त तिवारी, कोषाध्यक्ष और कंट्रोल रूम इंचार्ज, जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ द्वारा दी गई।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता
यूनाइटेड भारत प्रतापगढ़



