पुलिस दमन व हाउस अरेस्ट के विरोध में कांग्रेस का ज्ञापन

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा SIR, कथित वोट चोरी तथा केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलनों पर पुलिस दमन और हाउस अरेस्ट की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में राज्यपाल महोदया, उत्तर प्रदेश को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 जनवरी 2026 को वाराणसी में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी सहित कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था, उसी दौरान पुलिस द्वारा मारपीट, अमर्यादित व्यवहार और गिरफ्तारी की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि वाराणसी में कार्यकर्ताओं पर पुलिस दमन और प्रतापगढ़ में कांग्रेस पदाधिकारियों को घरों में ही नजरबंद करना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। महिलाओं और बच्चों को डराना अमानवीय कृत्य है, जिसकी कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है।

जिला उपाध्यक्ष राम शिरोमणि वर्मा एवं राम लवट यादव ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज से घबरा गई है और पुलिस के माध्यम से डराने-धमकाने की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों का अधिकार है और कांग्रेस किसानों, मजदूरों व आम जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से वाराणसी व प्रतापगढ़ की घटनाओं की न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तथा शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलनों पर हो रहे दमन को तत्काल रोकने की मांग की।

जिला मुख्यालय पर हुए प्रदर्शन में वेदान्त तिवारी, नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक, प्रशांत सिंह प्रिंशु, रवि भूषण सिन्हा, सुरेश कुमार मिश्र सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी वेदान्त तिवारी, कोषाध्यक्ष एवं कंट्रोल रूम प्रभारी, जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ ने दी।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता — यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button