Pratapgarh News: केजरीवाल की रिहाई पर कांग्रेस का बयान: “सत्य की जीत, भाजपा का झूठ बेनकाब” — करुण पाण्डेय

कांग्रेस नेता करुण पाण्डेय का बयान— न्यायपालिका पर भरोसा रखें, राजनीतिक षड्यंत्र की हुई पराजय

Pratapgarh News:  दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य आरोपियों को बरी किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस फैसले को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दल अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के महासचिव एवं कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ के जिला उपाध्यक्ष करुण पाण्डेय “बिन्नू भइया” ने इसे “सत्य की जीत” करार दिया है।

प्रेस को जारी बयान में करुण पाण्डेय ने कहा कि अदालत का निर्णय यह साबित करता है कि न्यायपालिका पर भरोसा बनाए रखना चाहिए, क्योंकि अंततः सच की ही जीत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता प्राप्ति के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत एक निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने का प्रयास हुआ।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में जनता द्वारा चुनी गई सरकार को हटाने के उद्देश्य से गंभीर आरोप लगाए गए और तत्कालीन मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों को लंबे समय तक जेल में रखा गया। पाण्डेय के अनुसार यह लोकतंत्र के इतिहास में चिंताजनक उदाहरण है, जहां राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते आपराधिक मुकदमों का सहारा लिया गया।

Pratapgarh News: विधायक डॉ. आरके वर्मा ने विभिन्न कार्यक्रमों में की शिरकत, उद्घाटन से लेकर वैवाहिक समारोह तक दी शुभकामनाएं

करुण पाण्डेय ने यह भी आरोप लगाया कि जांच के नाम पर सैकड़ों स्थानों पर छापेमारी कर सरकारी संसाधनों का व्यापक उपयोग किया गया, जिससे सरकारी धन और समय दोनों का व्यय हुआ। उन्होंने कहा कि अब जब अदालत ने आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है और जांच अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया है, तो इससे यह संदेश जाता है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

उन्होंने न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय लोकतंत्र में न्यायपालिका की स्वतंत्रता और निष्पक्षता का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वह पूरे घटनाक्रम को समझे, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बनाए रखे और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी राय व्यक्त करे।

राजनीतिक हलकों में इस फैसले को आगामी चुनावी समीकरणों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय का प्रभाव राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है, क्योंकि यह मामला लंबे समय से सुर्खियों में रहा है।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button