
Pratapgarh News: जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आज पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक ने किया। बैठक में मुख्य रूप से मनरेगा (महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के संरक्षण और मजदूरों के हितों को लेकर आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी और मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा ने बताया कि वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इस विरोध स्वरूप कांग्रेस नेतृत्व ने 45 दिन का व्यापक कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसी कड़ी में आगामी 13 फरवरी को प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 10 से 15 किलोमीटर लंबी “मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा” आयोजित की जाएगी।
पदयात्रा की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद पदयात्रा अम्बेडकर चौराहा, पुलिस लाइन, राजापाल टंकी और चौक घंटाघर पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं से होती हुई GGIC, पंजाबी मार्केट, गल्ला मंडी और सब्जी मंडी होते हुए श्रीराम चौराहा, बेगम वार्ड, विक्रम चौराहा, आजाद नगर, भुलियापुर पुलिस चौकी के पास मनरेगा मजदूरों के बीच चौपाल आयोजित करेगी। अंत में यह पदयात्रा अम्बेडकर चौराहा पर समाप्त होगी।
नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक और सदर ब्लॉक अध्यक्ष मो. वसीम ने सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है कि वे इस विशाल पदयात्रा को सफल बनाने में सहयोग दें। इस कार्यक्रम में खासकर मनरेगा जॉब कार्ड धारक मजदूरों की भागीदारी और समर्थन अपेक्षित है।
बैठक में कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी, SIR प्रभारी रामशिरोमणि वर्मा, MLC चुनाव प्रभारी मासूम हैदर, विजय प्रताप त्रिपाठी, सुरेश कुमार मिश्र, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी, कार्यालय सचिव रियाज सुल्तान, पूर्व प्रत्याशी पट्टी राम लवट यादव, चन्द्र नाथ शुक्ल, ब्लॉक अध्यक्ष मो. असलम, रविन्द्र मिश्र, मो. कासिम, अशोक सिंह, लव त्रिपाठी, अश्वनी उपाध्याय, मो. दिलशाद, सहजाद सलमानी, संस्कार मिश्र सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से इस जन जागरूकता पदयात्रा में भाग लेने और मनरेगा के संरक्षण हेतु सहयोग देने की अपील की है।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



