
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में भारी हार के बाद कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली में अपनी पहली बड़ी समीक्षा बैठक बुलाई। यह बैठक पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई, जिसमें राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और अजय माकन शामिल थे।
बैठक में नेताओं ने चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा की, संगठनात्मक कमजोरियों पर चर्चा की और भविष्य की रणनीति पर सुझाव दिए। सूत्रों के अनुसार, पार्टी शीर्ष स्तर पर यह समझने की कोशिश कर रही है कि बिहार में कांग्रेस को इतनी बड़ी हार क्यों झेलनी पड़ी।
कांग्रेस का दावा – चुनाव में गड़बड़ी हुई
बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमारे पास गड़बड़ी के कई इनपुट हैं। पार्टी सबूत जुटा रही है और दो हफ्तों में देश के सामने पेश किए जाएंगे।
वरिष्ठ नेता अजय माकन ने भी नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर शुरू से ही संदेह रहा है। बीजेपी को इस बार जो स्ट्राइक रेट मिला, वह 1984 के बाद भी कांग्रेस को नहीं मिला था। कुछ तो गड़बड़ है। कई जगहों पर हमारे कार्यकर्ताओं ने गड़बड़ी की शिकायत की है।
माकन ने यह भी बताया कि गठबंधन के सभी दल इन परिणामों को अप्रत्याशित मानते हैं और इसकी जांच की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस का प्रदर्शन : पिछली बार से भी कमजोर
बिहार चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। कांग्रेस ने 60 सीटों में से सिर्फ 6 पर जीत हासिल की, वोट शेयर घटकर 8.71 % पर पहुंच गया। इससे पहले 2020 में 70 सीटों पर लड़कर 19 सीटें और 9.6 % वोट शेयर मिला था। पार्टी अब अपने संगठन, बूथ मैनेजमेंट और गठबंधन रणनीति की गहराई से समीक्षा कर रही है।
यह भी पढ़ें – Lucknow News. राष्ट्रीय कथक संस्थान में नृत्य एवं गायन प्रशिक्षण कार्यक्रम, आश्वी श्रीवास्तव की शानदार प्रस्तुति



