Pratapgarh News – बेल्हा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी का भव्य स्वागत

Pratapgarh News – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव और छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश तिवारी के प्रतापगढ़ आगमन पर बेल्हा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। संविधान दिवस के अवसर पर उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद 26/11 मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए पुलिस अधिकारियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

राष्ट्रीय सचिव और प्रयाग जोन प्रभारी राजेश तिवारी के आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण और नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन लखनऊ मंडल के पूर्व मंडल मंत्री रवि सिन्हा, पूर्व एडीओ पंचायत हरीराम, पूर्व एडीओ पंचायत आद्या प्रसाद दूबे, पूर्व एडीओ पंचायत जगदंबा प्रसाद सरोज सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस ज्वाइन कर राहुल गांधी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इसके बाद राजेश तिवारी ने संगठन सृजन अभियान और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों और जिले तथा विधानसभा स्तर के सभी कोऑर्डिनेटरों के साथ बैठक कर एसआईआर प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वैध मतदाताओं के नाम कटने न पाए और अवैध नाम मतदाता सूची में जुड़ने न पाए। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट को बीएलओ के साथ जोड़कर सभी प्रपत्र सही ढंग से भरवाने पर जोर दिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने चुनाव आयोग से मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया की समय-सीमा कम से कम तीन महीने बढ़ाई जाए और इस कार्य में केवल सरकारी कर्मचारियों को लगाया जाए। उन्होंने कहा कि कम समय के कारण बीएलओ पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है और देश में कई बीएलओ तनाव के कारण आत्महत्या कर चुके हैं। कांग्रेस पार्टी ने इन सभी दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कोऑर्डिनेटर हरिकेश त्रिपाठी और प्रमोद मिश्र ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि पूर्व में बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों में एसआईआर के नाम पर धांधली कर बीजेपी को अनुचित लाभ पहुँचाया गया था।

समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने की और संचालन जिला प्रवक्ता सुरेश मिश्र तथा मासूम हैदर ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में नगर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक, कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण तिवारी, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी, जिला अध्यक्ष महेन्द्र शुक्ल, प्रदेश सचिव राधे श्याम सरोज, कार्यालय सचिव रियाज सुल्तान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह जानकारी वेदान्त तिवारी, कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रभारी, जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ द्वारा दी गई।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत प्रतापगढ़

 

Show More

Related Articles

Back to top button