
Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य हित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री से सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रानीखेत एवं लैंसडाउन छावनी क्षेत्रों को संबंधित नगरपालिकाओं में विलय करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों का नगरपालिकाओं में समावेश पर्यटन विकास, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार में सहायक सिद्ध होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने धारचूला और जोशीमठ स्थित सैन्य हेलीपैडों को क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत आम नागरिक हवाई सेवाओं के लिए उपयोग की अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार हो सके।
राज्य में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के दौरान भारतीय वायुसेना की सेवाओं के लिए देय शुल्क को माफ करने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री ने किया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से सहायता पहुंचाई जा सके।
इसके अतिरिक्त, ग्वालदम-नंदकेसरी-थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य भविष्य में भी लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग नंदा देवी राजजात यात्रा का मुख्य मार्ग है, जो राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का प्रमुख प्रतीक है। आगामी यात्रा वर्ष 2026 में प्रस्तावित है, और इसके दृष्टिगत इस मार्ग का सुव्यवस्थित रख-रखाव अत्यंत आवश्यक है।
Uttarakhand: also read- Super 60 USA Tournament: सुपर-60 अमेरिका लीजेंड्स टूर्नामेंट में जलवा बिखेरने को तैयार भारतीय दिग्गज
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।