Uttar Pradesh News: मेरठ में शहवाज-आकांक्षा की शादी से पहले बवाल, हिंदू संगठनों ने बताया ‘लव जिहाद

अंतरधार्मिक विवाह को लेकर बढ़ा तनाव, संगठनों ने दी शादी रोकने की चेतावनी, पुलिस अलर्ट मोड में

Uttar Pradesh News:  उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक की शादी को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। शादी से पहले ही यह मामला सियासी और सामाजिक विवाद का रूप ले चुका है। युवती आकांक्षा और युवक शहवाज की शादी का कार्ड सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने इसे “लव जिहाद” बताते हुए कड़ा विरोध शुरू कर दिया है और साफ कहा है कि वे यह विवाह किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।

बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और आपसी सहमति से शादी करने जा रहे हैं। शादी की तारीख नजदीक आते ही कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह विवाह सुनियोजित साजिश है और हिंदू समाज को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदू संगठनों के नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर शादी कराई गई तो वे सड़कों पर उतरेंगे। कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हस्तक्षेप की मांग की है और मामले में सख्त कार्रवाई की अपील की है।

Uttar Pradesh: गंगा एक्सप्रेसवे पर कहर, तेज रफ्तार कार ने 7 युवतियों को कुचला, 4 की दर्दनाक मौत

वहीं युवती आकांक्षा ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि वह बालिग है और पूरी समझ-बूझ के साथ शादी का फैसला लिया है। आकांक्षा के अनुसार, दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके रिश्ते में किसी तरह का दबाव या धोखा नहीं है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि शादी परिवार की जानकारी और सहमति से हो रही है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। पुलिस ने संभावित तनाव को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला एक बार फिर देश में अंतरधार्मिक विवाहों को लेकर चल रही बहस को केंद्र में ले आया है। जहां एक तरफ कुछ संगठन इसे सामाजिक खतरे के रूप में देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसे दो वयस्कों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जोड़कर देखा जा रहा है।

Written By : Anushri Yadav

Show More

Related Articles

Back to top button