Car Blast Near Red Fort-दिल्ली में लाल किले के पास कार ब्लास्ट पर नेताओं ने जताई गहरी संवेदना, जांच में जुटीं एजेंसियां

Car Blast Near Red Fort-राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास शनिवार को हुए कार ब्लास्ट की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। हादसे में कई लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कुछ घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वह मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि इस दुखद घटना में जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने बताया कि घायलों और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री ने गृह मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा भी की।

गृह मंत्री अमित शाह ने घटना को “शब्दों से परे पीड़ादायक” बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। शाह ने घटना स्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें जांच में जुटी हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, पीयूष गोयल और सीआर पाटिल ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया। सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी शोक व्यक्त किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां मिलकर घटना की तहकीकात कर रही हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।

विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस घटना पर चिंता जताई। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए केंद्र सरकार से त्वरित और पारदर्शी जांच की मांग की।

घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button