
Sports News: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। 12 फरवरी को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला) में खेले जाने वाले इस मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नेट्स में अपने इरादे साफ कर दिए हैं। अभ्यास सत्र के दौरान उनका आक्रामक अंदाज और आत्मविश्वास टीम के मजबूत मनोबल की कहानी बयां कर रहा है।
नेट्स में सूर्या और हार्दिक के बीच जबरदस्त टक्कर
11 फरवरी को हुए इंटेंस ट्रेनिंग सेशन में सूर्यकुमार यादव और स्टार ऑलराउंडर आमने-सामने नजर आए। हार्दिक की तेज रफ्तार और विविधता भरी गेंदबाजी के सामने सूर्या पूरी लय में दिखे। उन्होंने कई गेंदों को दमदार अंदाज में बाउंड्री के पार पहुंचाया।
कुछ शॉट्स इतने प्रभावशाली थे कि मैदान पर मौजूद सपोर्ट स्टाफ और साथी खिलाड़ी भी तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाए। खास तौर पर मिडविकेट और लॉन्ग-ऑन की दिशा में लगाए गए उनके शॉट्स ने साफ कर दिया कि कप्तान बड़े मैच से पहले बेहतरीन फॉर्म में हैं।
हार्दिक पांड्या ने भी बाद में बल्लेबाजी में हाथ आजमाया और अपनी पावर-हिटिंग का प्रदर्शन किया। बड़े शॉट्स के साथ उन्होंने संकेत दे दिया कि टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर भी पूरी तरह तैयार है।
Sports-Cricket-T20 WC-रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 51वें स्थापना दिवस पर खेल प्रतियोगितायें शुरु
शानदार फॉर्म में हैं कप्तान सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव का आत्मविश्वास यूं ही नहीं दिख रहा। उन्होंने 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
उनकी इस इनिंग की बदौलत भारत ने 161 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका को 132 रन पर रोक दिया और 29 रन से जीत दर्ज की। सूर्यकुमार यादव को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
नामीबिया के खिलाफ पिछला रिकॉर्ड भारत के पक्ष में
भारत और नामीबिया के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एक मुकाबला हुआ है। 2021 में दुबई में खेले गए उस मैच में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 132 रन बनाए थे।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए थे, जबकि जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट झटके थे। जवाब में रोहित शर्मा और केएल राहुल की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की थी।
मुकाबले को हल्के में लेने के मूड में नहीं टीम इंडिया
भले ही नामीबिया को अपेक्षाकृत कमजोर टीम माना जा रहा हो, लेकिन भारतीय टीम किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। कप्तान सूर्या का आक्रामक रवैया और हार्दिक पांड्या की ऑलराउंड तैयारी यह दिखाती है कि टीम जीत की लय को जारी रखना चाहती है।
दिल्ली के मैदान पर होने वाला यह मुकाबला टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करने का मौका है। अगर नेट्स की यह तैयारी मैदान पर भी नजर आई, तो नामीबिया के लिए भारत को रोकना आसान नहीं होगा।
अब सबकी निगाहें 12 फरवरी के इस मुकाबले पर टिकी हैं, जहां ‘मेन इन ब्लू’ एक और दमदार प्रदर्शन के इरादे से उतरेंगे।
Written By: Anushri Yadav



