
Bihar Election 2025. बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण समाप्त हो चुका है और 64.66 प्रतिशत की रिकॉर्ड वोटिंग ने नए राजनीतिक समीकरणों के संकेत दिए हैं। इस बार सबसे बड़ा सवाल यह उभरकर सामने आया है – क्या महिलाएं इस चुनाव की ‘साइलेंट फोर्स’ बनकर परिणाम की दिशा तय करेंगी?
पहले चरण में पुरुषों की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत अधिक महिलाओं ने मतदान किया है। सी-वोटर के संस्थापक यशवंत देशमुख के अनुसार, यह रुझान नीतीश कुमार के पक्ष में जाता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि साइकिल योजना से लेकर मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और 10 हज़ारी योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं में नीतीश के प्रति स्थायी भरोसा बनाया है।
हालांकि, पत्रकारों का मानना है कि महिला मतदाता अब किसी एक नेता या पार्टी के प्रति अंध-निष्ठ नहीं हैं। वे अब खुद को एक सशक्त राजनीतिक इकाई की तरह देखती हैं। उनके अनुसार, महिलाएं इसलिए नहीं वोट दे रही हैं कि कोई जीते या हारे, बल्कि इसलिए कि अब वे अपनी बात सामने रखना चाहती हैं।
यह भी पढ़ें – Ayodhya News. क्या पर्यटन विभाग गुप्तारघाट को अब रावण की धरती बनाएगा?, उठ रहे सवाल
महिलाओं की राजनीतिक जागरूकता का सिलसिला 2005 से शुरू हुआ, जब नीतीश कुमार ने उन्हें अलग वोट बैंक के रूप में पहचान दी। आज बिहार की महिलाएं फ्रीबी नहीं, बल्कि अवसर चाहती हैं।
इस बार के चुनाव में रोजगार और पलायन सबसे अहम मुद्दा बने हुए हैं। युवाओं के बीच सरकारी नौकरियों की मांग और बाहर काम करने वालों की नाराजगी साफ झलक रही है। वहीं, जातिगत समीकरणों का असर भी कम नहीं हुआ है।
नीतीश सत्ता में लौटते हैं तो इसका श्रेय महिलाओं को जाएगा
एक अन्य पत्रकार ने बताया कि बिहार में जाति की जड़ें इतनी गहरी हैं कि हर मुद्दा अंततः उसी पर लौट आता है, चाहें बात महिलाओं के सशक्तिकरण की हो या विकास की। फिर भी, महिला मतदाताओं का बढ़ता प्रभाव इस चुनाव की सबसे उल्लेखनीय बात है। अगर नीतीश कुमार एक बार फिर सत्ता में लौटते हैं, तो इसका बड़ा श्रेय महिलाओं को जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार का मानना है कि महिलाओं को दी गई योजनाओं का पैसा परिवार, पोषण और शिक्षा में निवेश होता है, जो समाज को लौटता है। यही बिहार की राजनीति में नया समीकरण बना रहा है। स्पष्ट है कि इस बार बिहार का चुनाव केवल जाति या विकास पर नहीं, बल्कि महिला और युवा मतदाताओं की आकांक्षाओं पर टिका है।
यह भी पढ़ें – Ayodhya News. क्या पर्यटन विभाग गुप्तारघाट को अब रावण की धरती बनाएगा?, उठ रहे सवाल
अब देखना यह है कि क्या यह ‘साइलेंट फोर्स’ सच में सत्ता परिवर्तन की धारा मोड़ पाएगी या नीतीश कुमार की महिला शक्ति एक बार फिर उन्हें जीत का ताज पहनाएगी।



