
Bhopal News- भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि 2014 के पहले देश की क्या स्थिति थी, कहने की जरूरत नहीं है परन्तु जब 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की कमान संभाली, उसके बाद देश में हर क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था वाल देश बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है और देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तय करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
रेखा वर्मा मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यशाला को संबोधित रही थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान विरोधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर विरोधी रही है। कांग्रेस चाहती ही नहीं थी कि देश का संविधान देश का कोई भी व्यक्ति लिखे। कांग्रेस पार्टी किसी अंग्रेज से देश का संविधान लिखवाना चाहती थी। कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने से लेकर उनके साथ कैसा व्यवहार किया, यह जगजाहिर है।
उन्होंने कहा कि देश में कुछ राजनीतिक पार्टियां हमारी पार्टी पर आरोप लगाती हैं कि हम एक समाज के विरोधी हैं। यह सिर्फ अपनी राजनीति साधने के लिए हम पर गलत आरोप लगाते हैं। क्या हम एक समाज के विरोधी होते तो तीन तलाक की समस्या खत्म करने का निर्णय लेकर कानून नहीं बनाते, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटती, वक्फ संशोधन बिल लाया जाता। तीन तलाक कानून ने मुस्लिम समाज की बहनों की जिंदगी बदलने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने तो कोविड के समय भी देश ही नहीं दुनिया में कई देशों की मदद कोविड टीकाकरण के माध्यम से की। आज नई शिक्षा नीति की बात हो, आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना सहित अन्य गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हर वर्ग का जीवन स्तर उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
महापुरुषों के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदीः डॉ. महेंद्र सिंह
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्रसिंह ने कहा कि भाजपा की यात्रा जनसंघ के रूप में शुरू हुई। उस समय लोग हमारा मजाक उड़ाते हुए कहते थे कि दीये में तेल नहीं, सरकार बदलना खेल नहीं। लेकिन हमारी यात्रा आगे बढ़ती रही। अटलजी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी बनी, लेकिन जब 84 में हमारे दो सांसद जीतकर संसद पहुंचे, तो लोगों ने फिर मजाक उड़ाया। फिर राम मंदिर आंदोलन का दौर आया। इसके बाद अटलजी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनी और जब परमाणु परीक्षण के बाद दुनिया ने भारत पर प्रतिबंध लगाये, तो उन्होंने कहा कि हम किसी के आगे हाथ नहीं फैलाएंगे। अटलजी की सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को जो गति दी थी, वह मनमोहन सरकार के आते ही आधी रह गई।
डॉ. महेंद्रसिंह ने कहा कि फिर नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने और जब वे अमेरिका के दौरे पर गए, तो वहां के राष्ट्रपति उनकी आगवानी के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे। वो अंग्रेज जो जाते समय यह कह गए थे कि इंग्लैंड में कभी वंदे मातरम् नहीं गाया जाएगा, वहां प्रधानमंत्री मोदी के जाने पर वंदे मातरम् और भारतमाता की जय के नारे गूंज उठे। यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय छात्रों को ले जाने वाली बसों पर तिरंगा देखकर यूक्रेन और रूस की सेनाएं युद्ध रोक देती थीं। 2014 से पहले हम हर चीज बाहर से खरीदते थे, मोदी ने देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया। आज हम 85 देशों को रक्षा उपकरण निर्यात करते हैं। मोदी के नेतृत्व में चांद पर तिरंगा लहराया है और सूर्य तथा मंगल के लिए प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2030 तक तीसरे स्थान पर पहुंचाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि मोदी महात्मा गांधी, आचार्य विनोबा भावे, पं.दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के सपनों का भारत बना रहे हैं, हमें इस यात्रा में सहभागी बनना है।
कार्यक्रम को मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पार्टी की प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार एवं भगवानदास सबनानी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, कांतदेव सिंह, सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत मंचासीन रहे। प्रशिक्षण बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों के जिला संयोजक उपस्थित रहे।
Bhopal News- Read Also-Ayodhya News-केन्द्रीय वित्त आयोग अध्यक्ष ने सदस्यों के साथ मंदिर निर्माण की ली जानकारी