Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। थाना छावनी क्षेत्र में बस को साइड न देने की बात पर गुस्साए बाइक सवार ने खुलेआम बस कंडक्टर पर फायरिंग कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार युवक बस के पास आता है और बिना किसी डर के फायरिंग कर देता है। गोली बस कंडक्टर की ओर जाती दिख रही है, जिससे बस में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करते नजर आए। स्थानीय लोगों ने इस घटना को सड़कों पर बढ़ती गुंडागर्दी का उदाहरण बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना छावनी पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों बाइक सवार आरोपियों की पहचान कर ली। क्षेत्राधिकारी हरैया ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घटना में इस्तेमाल बाइक और हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि सड़क पर किसी भी विवाद से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर सूचना दें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।