
Barabanki News: क्षेत्र के डलपुरवा अगेहरा मजरे विरौली की बाल वैज्ञानिक पूजा पाल के घर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पहुंचे। उन्होंने पूजा पाल और उनके परिवार को सम्मानित किया।श्यामलाल पाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से पूजा पाल को 1.55 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने पूजा से जापान यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही पूछा कि उन्हें उपकरण बनाने की प्रेरणा कहां से मिली। पूजा ने इस बारे में विस्तार से बताया, जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश वर्मा, ब्लाक प्रमुख रेनू वर्मा, जिला पंचायत सदस्य विजय यादव, पूर्व एमलसी राजेश यादव ,ब्लाक अध्यक्ष शिवकुमार यादव, असीम श्रीवास्तव, हिमांशु यादव, प्रीतम वर्मा, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, पूर्व पार्षद अनीता पाल और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुल्तानपुर जानकी पाल सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।श्यामलाल पाल ने पूजा से कहा कि आगे की पढ़ाई या अन्य किसी समस्या के लिए वे तुरंत उन्हें सूचित करें। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में सभी का विकास होता था, लेकिन भाजपा सरकार में ऐसा नहीं हो रहा है।उन्होंने बताया कि समाजवादी सरकार में महिलाओं को पेंशन, छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, साइकिल सहित शिक्षा से संबंधित सामग्री का वितरण किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा को रोकने का काम कर रही है और स्कूलों को बंद करने का प्रयास कर रही है।श्यामलाल पाल ने कहा कि अगर स्कूल नहीं खोले गए तो समाजवादी पार्टी पीडीए स्कूल के माध्यम से लोगों को शिक्षा देगी। उन्होंने बाल वैज्ञानिक पूजा पाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ इस क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने जापान में भारत का झंडा फहराया है।इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल व सपा नेताओ के बिरौली गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य व सपा कार्यकर्ता सुधांशु वर्मा के पिता की निधन की सूचना पर उनके घर पहुचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए शोक व्यक्त किया।
रिपोर्ट-सचिन गुप्ता