
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटा भवानीगंज के सोभई का पुरवा में पहली बार आरसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। विधायक के प्रयास से स्वीकृत इस सड़क का निर्माण कार्य शुक्रवार से शुरू हुआ, जिसकी शुरुआत गांव वालों ने पूरे विधि-विधान और हिंदू रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना कर की। पूजा के बाद प्रसाद वितरण कर लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की।
जानकारी के अनुसार, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश अध्यक्ष एवं बाबागंज विधायक विनोद सरोज के सौजन्य से करीब 200 मीटर आरसीसी सड़क स्वीकृत हुई है। गांव में लंबे समय से पक्की सड़क की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा होते देख ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया।
पूजन कार्यक्रम में गांव के सौरभ मिश्र नेता ने प्रसाद बांटकर लोगों के साथ खुशी साझा की। इस मौके पर कमलेश कुमार पांडेय, राजेंद्र गौतम, शिवांशु पांडेय, उमेश चंद्र पांडेय, रमेश चंद्र पांडेय, मुन्नू लाल मिश्रा, दीपक कुमार और मुरली गौतम समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विधायक विनोद सरोज को धन्यवाद देते हुए कहा कि सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
Also Read: Gold Silver Price News-ईरान जंग के बीच 28 दिन में सोना ₹16 हजार और चांदी ₹45 हजार गिर गई
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में इस मार्ग पर चलना बेहद मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब आरसीसी सड़क बनने से समस्या का स्थायी समाधान होगा। सड़क निर्माण के पहले दिन गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा।
रिपोर्ट: उमेश पांडेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।



