
Mahashivratri 2026: प्रसिद्ध पांडवकालीन भयहरण नाथ धाम में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे से ही चारों दिशाओं से भक्तों का रेला बाबा भयहरण नाथ महादेव के पूजन-अर्चन हेतु धाम पहुंचने लगा। अनुमानतः लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पुलिस व कार्यकर्ताओं की रही उत्तम व्यवस्था
मेले के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस प्रशासन एवं मेला समिति के कार्यकर्ताओं ने निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए श्रद्धालुओं के लिए मार्ग को सुगम बनाया। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी गई और भूला-भटका शिविर के माध्यम से लोगों की सहायता की गई।
धाम के अध्यक्ष राजकुमार शुक्ल एवं कार्यवाहक अध्यक्ष लाल जी सिंह मेला कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करते रहे। थानाध्यक्ष जेठवारा सत्यार्थी जी, मांधाता अरविंद कुमार एवं चौकी प्रभारी राजीव वर्मा लगातार मेला व मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
प्रशासन की सक्रिय भूमिका
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ब्रज नंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता ने सुबह से धाम पहुंचकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण किया। मंदिरों की साज-सज्जा, साफ-सफाई और सुव्यवस्था की श्रद्धालुओं ने सराहना की। पुजारी भोला नाथ सहित अन्य पुजारियों ने विशेष पूजन कार्यक्रम संपन्न कराए।
26वां महाकाल महोत्सव: आज पत्रकार सम्मेलन
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित 26वें महाकाल महोत्सव के तहत 16 फरवरी सोमवार को अंतरजनपदीय पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार संघ व नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के तत्वावधान में होगा। संयोजन वरिष्ठ पत्रकार अजय पांडेय द्वारा किया जाएगा।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



