
Breaking News: अयोध्या से बड़ी खबर है, जहां रामनवमी पर सरयू किनारे आयोजित महायज्ञ में अचानक भीषण आग लग गई।
यह महायज्ञ यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की ओर से कराया जा रहा था। घटना अयोध्या के माझा जमथरा इलाके में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के दौरान हुई, जो श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से करीब 800 मीटर दूर आयोजित था।
बताया जा रहा है कि महा-आहुति के दौरान चढ़ाया गया नारियल फट गया, जिसके बाद चिंगारी से पंडाल में आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी यज्ञशाला को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पहले से तैनात फायर ब्रिगेड टीम तुरंत सक्रिय हुई। दमकल की 6 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी श्रद्धालु सुरक्षित बाहर निकल आए।
Also Read: लखनऊ। सायमा खान ने राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन, गौ हत्या पर रोक की मांग
जानकारी के मुताबिक, यज्ञशाला में 1251 हवन कुंड बनाए गए थे और शनिवार को महायज्ञ का अंतिम दिन था। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि मौजूद थे, जिनमें गोसाईगंज विधायक अभय सिंह भी शामिल थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती आशंका नारियल फटने से निकली चिंगारी को माना जा रहा है।
Written By: Kalpana Pandey



