
Entertainment: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की खबरों के बीच अब उन्होंने आमिर खान प्रोडक्शंस की अपकमिंग फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अपनी आवाज देने का फैसला किया है। इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है, क्योंकि लंबे समय बाद आमिर खान और अरिजीत सिंह किसी प्रोजेक्ट में साथ काम करते नजर आएंगे।
हाल ही में साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर फिल्म ‘एक दिन’ का टीजर रिलीज हुआ था, जिसे रोमांटिक थीम और लीड जोड़ी की केमिस्ट्री के लिए खूब सराहा गया। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित इसके निर्माता हैं। यह फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
प्रोडक्शन हाउस के अनुसार, इस खास गाने के लिए आमिर खान खुद अरिजीत सिंह के होमटाउन पहुंचे थे, जहां दोनों ने साथ मिलकर म्यूजिक सेशन किया। पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि आमिर खान, अरिजीत सिंह को सिंगिंग में वापसी के लिए मनाने गए हैं, लेकिन अब साफ हो गया है कि यह मुलाकात फिल्म ‘एक दिन’ के म्यूजिक को लेकर थी।
फिल्म की स्टारकास्ट भी चर्चा में है, क्योंकि साई पल्लवी और जुनैद खान पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। कहानी एक मैजिकल लव स्टोरी पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें जुनैद एक अलग अंदाज वाले लड़के के किरदार में दिखाई देंगे, जबकि साई पल्लवी एक आत्मविश्वासी लड़की की भूमिका निभाएंगी। टीजर में दोनों की फ्रेश और प्यारी केमिस्ट्री की झलक पहले ही देखने को मिल चुकी है।
इसके अलावा ‘एक दिन’ के जरिए आमिर खान और मंसूर खान की सुपरहिट जोड़ी भी लंबे समय बाद साथ आई है। इससे पहले दोनों ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी यादगार फिल्में दे चुके हैं। ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि यह नई रोमांटिक फिल्म भी खास साबित होगी।
Written By: Kalpana Pandey



