
Apple Foldable iPhone: टेक्नोलॉजी की दुनिया में Apple के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालिया लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी फोल्डेबल स्मार्टफोन की सबसे बड़ी समस्या—स्क्रीन पर दिखने वाली क्रीज—को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है।
जानकारी के अनुसार, Apple एक खास डुअल-लेयर ग्लास डिजाइन पर काम कर रहा है। इस टेक्नोलॉजी में डिस्प्ले को दो पतली ग्लास लेयर्स के बीच रखा जाएगा, जिससे फोल्डिंग के दौरान स्क्रीन पर पड़ने वाला दबाव कम हो सकता है। माना जा रहा है कि इससे न सिर्फ क्रीज कम दिखेगी, बल्कि डिवाइस की मजबूती भी बढ़ेगी।
लीक में यह भी संकेत मिले हैं कि इस डिवाइस में नया हिंज डिजाइन और ‘सेल्फ-हीलिंग’ ग्लास टेक्नोलॉजी दी जा सकती है, जो छोटे-मोटे डैमेज को खुद ठीक करने में सक्षम होगी। इससे फोन की लाइफ और यूजर एक्सपीरियंस दोनों बेहतर हो सकते हैं।
संभावित फीचर्स की बात करें तो इसमें लगभग 7.8 इंच का इनर डिस्प्ले और 5.5 इंच का आउटर डिस्प्ले मिल सकता है। इसके अलावा डुअल कैमरा सेटअप, पावर बटन में Touch ID और iPad जैसे इंटरफेस की भी चर्चा है।
Also Read: बिम्सटेक यूथ प्रोग्रामः युवाओं ने लिया सतत जीवन शैली, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
प्रोसेसर के तौर पर इसमें 2nm A20 Pro चिप और नया मॉडेम मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फोल्डेबल iPhone की कीमत प्रीमियम सेगमेंट में हो सकती है और इसे 2026 के आखिर तक लॉन्च किया जा सकता है।
हालांकि, ये सभी जानकारियां फिलहाल लीक पर आधारित हैं, लेकिन इससे साफ है कि Apple फोल्डेबल मार्केट में एंट्री से पहले परफेक्ट प्रोडक्ट देने की तैयारी में है।
Written By: Kalpana Pandey



