अखिलेश यादव का वार: ‘स्वदेशी’ के नाम पर चीन पर टैरिफ क्यों नहीं – भाजपा पर सवाल

अखिलेश यादव ने भाजपा के 'स्वदेशी' नारे पर निशाना साधा। पूछा - चीन पर टैरिफ क्यों नहीं लगाती सरकार? नदियों की सफाई और किसानों के मुद्दों पर भी किया हमला।

Lucknow News. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा के ‘स्वदेशी’ नारे को “गुमराह करने वाला” बताते हुए सवाल उठाया कि अगर भाजपा वास्तव में स्वदेशी है तो चीन पर टैरिफ (शुल्क) क्यों नहीं लगाती, जो भारतीय बाजार पर कब्जा जमाए बैठा है।

अखिलेश ने कहा कि सरकार हमें और आपको स्वदेशी-स्वदेशी का चूरन खिला रही है। अगर सरकार मन से स्वदेशी है, तो चीन से आयात पर अमेरिका की तरह टैरिफ क्यों नहीं लगाती? उन्होंने कहा कि भाजपा के मुंह पर स्वदेशी और मन में विदेशी है।

नदियां नहीं, बजट हो रहा साफ

सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नदियों की सफाई के नाम पर घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने गोमती नदी सफाई योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि जब सरकार का जाने का वक्त आया, तभी उन्हें गोमती की सफाई याद आई। यह सरकार नदियां नहीं, बजट साफ कर रही है।

किसानों की स्थिति पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में खाद की किल्लत है, डीएपी नहीं मिल रही और गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार किसानों की जमीन और फसल लूटने में लगी है।

अखिलेश दुबे का एनकाउंटर क्यों नहीं हुआ?

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था के नाम पर मुठभेड़ों का डर दिखा रही है। अगर मुठभेड़ों से ही कानून व्यवस्था सुधरती, तो भ्रष्टाचार के आरोपी वकील अखिलेश दुबे का एनकाउंटर क्यों नहीं हुआ? उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है, जिसके कारण कानून व्यवस्था चरमरा गई है।

बिहार चुनाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में सपा प्रमुख ने कहा कि जहां बुलाया जाएगा, हम जाएंगे। अवध में भाजपा को हमने हराया, अब बिहार की जनता की जिम्मेदारी है कि वे मदद करें। उन्होंने यह भी कहा कि विधानपरिषद के शिक्षक चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रहेगा और इसे और मजबूत किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button