
Weather Update : उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। कहीं तेज धूप और बढ़ती गर्मी महसूस हो रही है तो कहीं सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार गर्मी सामान्य से अधिक पड़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार की ओर से गुजर रही ट्रफ लाइन और पूर्वी दिशा से आ रही हवाओं के कारण प्रदेश के मौसम पर असर पड़ रहा है। इसी वजह से कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर सुबह के समय धुंध देखी जा रही है। रविवार को आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद झांसी में 36.3 डिग्री और बांदा में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सहारनपुर में घटी दृश्यता
धुंध के कारण सहारनपुर में सुबह दृश्यता घटकर लगभग 300 मीटर रह गई, जबकि प्रयागराज और वाराणसी में करीब 600 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। गोरखपुर और अमेठी में भी सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, इसलिए अगले तीन से चार दिनों में दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रहा तापमान
उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे अधिक तापमान बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यह सामान्य से करीब 7 डिग्री अधिक है। रविवार को भी दिल्ली में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
लखनऊ में भी बढ़ा तापमान
उत्तर प्रदेश में भी राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में दोपहर के समय तेज धूप और बढ़ते तापमान से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा सकता है और कई जगहों पर पारा 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम में बदलाव के संकेत
इधर बिहार में मौसम में जल्द बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा और बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 मार्च के बाद राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। वहीं उत्तराखंड में देहरादून समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी तापमान बढ़ रहा है, हालांकि 10 से 12 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।


