
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सचौली में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं क्षेत्र के सम्मानित समाजसेवी संत प्रकाश तिवारी की माता जी की वार्षिकी (पूर्णतिथि) के अवसर पर भव्य श्राद्ध कार्यक्रम एवं विशाल कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम की चारों ओर सराहना हो रही है और इसे सामाजिक सेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समाजसेवियों और पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिव्या मिश्रा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर जरूरतमंदों की सेवा करना वास्तव में सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे, पूर्व मंत्री इंदु प्रकाश मिश्र, भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा, पूर्व विधायक धीरज ओझा, पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष हरिओम मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनके अलावा वरिष्ठ नेता गुड्डू मिश्र, भाजपा नेता मनोज तिवारी, समाजवादी पार्टी के नेता आशुतोष पाण्डेय, भाजपा नेता विजय द्विवेदी, अवनीश पांडे, बृजेश मिश्रा, पंकज वर्मा तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
Pratapgarh News: Pratapgarh News : पुलिस लाइन में 3 सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई
कार्यक्रम में समूह संपादक गौरव श्रीवास्तव और वरिष्ठ पत्रकार अरुण श्रीवास्तव की उपस्थिति भी रही, जिन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और सामाजिक संदेश को सराहा। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जिससे कंबल वितरण प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।
भाजपा नेता संत प्रकाश तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावुक शब्दों में कहा कि उनकी माता जी ने हमेशा उन्हें गरीबों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सेवा का संस्कार दिया। उन्होंने कहा कि माता जी की पूर्णतिथि के अवसर पर कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित करना उनके जीवन मूल्यों को याद करने और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का माध्यम है। उन्होंने कहा, “मेरी माता जी का आशीर्वाद हमेशा समाज सेवा के रूप में हमारे साथ रहा है। उन्हीं की प्रेरणा से यह आयोजन किया गया है।”
कंबल वितरण कार्यक्रम में आसपास के दर्जनों गांवों से आए हजारों जरूरतमंद लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत देने के लिए कंबल प्रदान किए गए। लाभार्थियों ने इस पहल के लिए संत प्रकाश तिवारी और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कई बुजुर्गों और महिलाओं ने कहा कि ठंड के मौसम में यह सहायता उनके लिए बहुत बड़ी राहत है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस आयोजन की खुले दिल से प्रशंसा की। उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रम राजनीति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का संदेश देते हैं। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि संत प्रकाश तिवारी लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और यह आयोजन उसी परंपरा का हिस्सा है।
कार्यक्रम के अंत में माता जी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और समाज सेवा को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। कुल मिलाकर ग्राम सभा सचौली में आयोजित यह श्राद्ध एवं कंबल वितरण कार्यक्रम परंपरा, संवेदना और सेवा भावना का सुंदर संगम साबित हुआ, जिसने पूरे रानीगंज क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



