
Business News: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की फरवरी 2026 की मौद्रिक नीति बैठक के बाद होम लोन लेने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने का फैसला किया है। इससे पहले दिसंबर 2025 में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी। इसी का असर है कि फिलहाल बैंक और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां ग्राहकों को काफी प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर होम लोन ऑफर कर रही हैं।
अगर आप नया घर खरीदने की योजना बना रहे हैं या पहले से होम लोन की EMI चुका रहे हैं, तो RBI का यह फैसला आपकी जेब के लिए सुकून देने वाला है। रेपो रेट में कोई बढ़ोतरी न होने से न तो EMI का बोझ बढ़ेगा और न ही ब्याज दरों में अचानक उछाल आने की आशंका है।
RBI के फैसले का आम लोगों पर असर
रेपो रेट को स्थिर रखने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि होम लोन लेने वाले ग्राहकों को स्थिरता मिलती है। जो लोग आने वाले महीनों में घर खरीदने की सोच रहे हैं, वे अब बिना किसी अनिश्चितता के अपने बजट और फाइनेंशियल प्लानिंग कर सकते हैं। वहीं, जिनका लोन फ्लोटिंग रेट पर है, उनकी EMI फिलहाल यथावत बनी रहेगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, दिसंबर 2025 में हुई कटौती के बाद रेपो रेट का 5.25 प्रतिशत पर बना रहना इस बात का संकेत है कि महंगाई और बाजार में नकदी की स्थिति संतुलन में है।
Business News: सचीरोम का IPO आज बंद, GMP 45 रुपये तक पहुंचा; अब तक 65 गुना सब्सक्राइब
सरकारी बैंकों में कहां मिल रहा सबसे सस्ता होम लोन?
सरकारी बैंक आमतौर पर निजी बैंकों की तुलना में कम ब्याज दरों पर होम लोन देते हैं। मौजूदा समय में टॉप सरकारी बैंकों की शुरुआती ब्याज दरें इस प्रकार हैं—
-
बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB): 7.10 प्रतिशत से शुरू
-
बैंक ऑफ इंडिया (BoI): 7.15 प्रतिशत से शुरू
-
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI): 7.25 प्रतिशत से शुरू
-
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया: 7.25 प्रतिशत से शुरू
-
पंजाब नेशनल बैंक (PNB): 7.30 प्रतिशत से शुरू
इन आंकड़ों से साफ है कि इस समय बैंक ऑफ बड़ौदा सबसे सस्ते होम लोन देने वाले सरकारी बैंकों में शामिल है।
प्राइवेट सेक्टर में HDFC और बजाज की टक्कर
निजी क्षेत्र की बात करें तो HDFC बैंक 7.20 प्रतिशत से लेकर 7.90 प्रतिशत तक की ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। वहीं बजाज हाउसिंग फाइनेंस और केनरा बैंक भी करीब 7.15 प्रतिशत जैसी आकर्षक दरों पर होम लोन उपलब्ध करा रहे हैं। प्राइवेट सेक्टर में लोन प्रोसेसिंग तेज होने और डिजिटल सुविधाओं के चलते कई ग्राहक इन संस्थानों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
क्रेडिट स्कोर का रोल सबसे अहम
यह ध्यान रखना जरूरी है कि होम लोन की ब्याज दरें सभी ग्राहकों के लिए समान नहीं होतीं। बैंक ब्याज दर तय करते समय ग्राहक के CIBIL स्कोर, आय, नौकरी या बिजनेस प्रोफाइल और लोन राशि को ध्यान में रखते हैं। आमतौर पर 750 या उससे अधिक क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को सबसे कम ब्याज दर पर होम लोन मिलने की संभावना होती है।
क्या यह होम लोन लेने का सही समय है?
फिलहाल रेपो रेट स्थिर है और बैंक प्रोसेसिंग फीस में छूट, फेस्टिव ऑफर्स और अन्य रियायतें भी दे रहे हैं। ऐसे में अगर आप घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह समय आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, लोन लेने से पहले अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों, शर्तों और चार्जेस की तुलना करना जरूरी है।
Written By : Anushri Yadav



