
No Confidence Motion : लोकसभा में सोमवार को विपक्षी हंगामे के चलते पूरे दिन सदन की कार्यवाही बाधित रही। भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने बार-बार व्यवधान किया, जिसके बाद लोकसभा को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया। अब सदन की अगली बैठक 10 फरवरी को होगी।
सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद दोपहर 2 बजे संक्षेप में दोबारा शुरू हुई, लेकिन स्थिति सामान्य न होने पर इसे मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
राहुल गांधी बनाम किरेन रिजिजू
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया था कि बजट चर्चा से पहले उन्हें सदन में बोलने का अवसर दिया जाएगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह आश्वासन अब वापस लिया जा रहा है।
स्पीकर की अनुपस्थिति में कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहीं सांसद संध्या राय से राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें कुछ अहम मुद्दे उठाने की अनुमति दी जानी चाहिए, जैसा कि पहले वादा किया गया था।
सरकार ने किया दावे का खंडन
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि स्पीकर द्वारा ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया गया था। रिजिजू के अनुसार, इस विषय पर स्पीकर के चैंबर में हुई बैठक में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।
रिजिजू ने सदन में कहा कि स्पीकर ने केवल यह कहा था कि यदि सभी सहमत हों तो सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को “पूरी तरह झूठा” बताया।
नोटिस न मिलने का हवाला
कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहीं संध्या राय ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के नेता द्वारा कोई औपचारिक नोटिस नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी भी मुद्दे पर चर्चा संभव नहीं है।
अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार और स्पीकर मिलकर विपक्ष की आवाज दबा रहे हैं।



