
UP Budget Session 2026: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 9 फरवरी (सोमवार) से शुरू हो रहा है। सत्र की पूर्व संध्या पर रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री और नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया जाए और उन पर स्वस्थ एवं सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद और विमर्श के माध्यम से ही प्रदेश का विकास और जनसमस्याओं का समाधान संभव है। सीएम ने विपक्षी दलों से आग्रह किया कि सदन में सकारात्मक चर्चा कर सरकार को प्रदेश के समग्र विकास में सहयोग दें।
स्वस्थ चर्चा से मिलेगा प्रदेश को लाभ
नेता सदन ने कहा कि विधान सभा जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श का सर्वोच्च मंच है। यदि चर्चा स्वस्थ और मर्यादित होगी, तो उससे नीतिगत निर्णय बेहतर होंगे और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से यह भी अनुरोध किया कि सदन के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने मांगा सभी दलों का सहयोग
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए सदन को सार्थक चर्चा का केंद्र बनाया जाना चाहिए।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
इस सर्वदलीय बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’, निषाद पार्टी के रमेश सिंह, लोकदल के राजपाल बालियान, अपना दल के रामनिवास वर्मा सहित विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बजट सत्र को लेकर सरकार और विपक्ष, दोनों की निगाहें महत्वपूर्ण आर्थिक और जनकल्याणकारी प्रस्तावों पर टिकी हुई हैं, जिन पर आने वाले दिनों में सदन में विस्तृत चर्चा होगी।



