
Pratapgarh News: बाबागंज क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शनिवार को एक विशेष जागरूकता मिशन वैन को रवाना किया गया। महेशगंज थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी राधेश्याम ने हरी झंडी दिखाकर इस मिशन वैन को रवाना किया। यह अभियान संवाद सामाजिक संस्थान, रामपुर बावली (प्रतापगढ़) की बाल विवाह रोकथाम टीम द्वारा चलाया जा रहा है।
इस मिशन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नाबालिग बालक-बालिकाओं के अभिभावकों को जागरूक करना है, ताकि वे समय से पहले बच्चों का विवाह न करें। अभियान के तहत यह संदेश दिया जा रहा है कि बालिकाओं का विवाह 18 वर्ष से कम और बालकों का विवाह 21 वर्ष से कम आयु में करना कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
संस्था के अध्यक्ष रामबदन शुक्ला के निर्देश पर टीम द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को समझाया जा रहा है कि कम उम्र में विवाह कराने से बच्चों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक तीनों तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने की संभावनाएं भी कमजोर पड़ जाती हैं।
जागरूकता अभियान के दौरान सामुदायिक कार्यकर्त्री सुषमा त्रिपाठी, सुनीता देवी तथा सामुदायिक कार्यकर्ता रघुनाथ यादव ने भैसाना, डीहबलयी और राजापुर सहित आसपास के गांवों में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों से संवाद किया। टीम ने लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के साथ-साथ इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी और बच्चों को पढ़ाई के साथ बेहतर भविष्य देने की अपील की।
अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बाल विवाह रोकने में सहयोग का भरोसा दिलाया। आयोजकों का कहना है कि यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त किया जा सके।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता: यूनाइटेड भारत



