Bargawan Singrauli: श्रमिक संघ एकादश की टीम ने क्रिकेट मैच में रोमांचक मुकाबले में दर्ज की जीत,हिंडालको महान में प्रबंधन एकादश मात्र 1 रन से पराजित

हिन्डाल्को महान प्रबंधन एकादश और श्रमिक संघ एकादश के बीच खेला गया मैत्री क्रिकेट मैच

बरगवां सिगरौली। हिंडालको महान परिसर में प्रबंधन एकादश और श्रमिक संघ एकादश के बीच खेला गया दोस्ताना क्रिकेट मैच खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में श्रमिक संघ एकादश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन एकादश को 1 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर श्रमिक संघ एकादश के कप्तान लखपति साकेत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 9 विकेट खोकर 84 रन बनाए। टीम की ओर से शिवानंद और लखपति साकेत ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने भी छोटे-छोटे लेकिन अहम योगदान देकर स्कोर को प्रतिस्पर्धी बनाया।

श्रमिक संघ 11 की टीम में लखपति साकेत (कप्तान), जितेंद्र सिंह, राम नरेश भारती, संजय गुप्ता, अनिल द्विवेदी, भूपेंद्र चौबे, शिवा तिवारी, कमलेश तिवारी, प्रमित कुशवाहा, प्रशील सिंह, अंजनी बासोर, प्रदीप सिंह, राकेश दुबे, नरेंद्र द्विवेदी और मुकेश कुमार शामिल रहे, जिन्होंने पूरे मैच में जोश और अनुशासन के साथ खेल का प्रदर्शन किया।

85 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रबंधन एकादश की टीम ने भी कड़ा संघर्ष किया। आदर्श और प्रसून बोस की आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। अंतिम ओवर तक मुकाबला बराबरी पर रहा, लेकिन टीम जीत से मात्र 1 रन दूर रह गई।
प्रबंधन एकादश की ओर से एस. सेंथिलनाथ (कप्तान) के नेतृत्व में लिनु पंचमन, डॉ. विवेकानंद मिश्रा, प्रांजल पाठक, प्रणव सोनी, रोहित, संजय सिंह, प्रसून बोस, आदर्श, कृष्ण कुमार, सुब्रत पाढ़ी, डॉ. अशेष शरण, राकेश यादव और दीपक सोनी ने मैदान संभाला।

गेंदबाजी में एस. सेंथिलनाथ ने अपनी जादुई स्पिन से एक ही ओवर में 3 विकेट झटककर श्रमिक संघ की पारी पर अंकुश लगाया। वहीं संजय सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि डॉ. विवेकानंद मिश्रा, प्रणव सोनी, लिनु पंचमन और आदर्श ने एक-एक सफलता अर्जित की। दूसरी ओर श्रमिक संघ की सधी हुई गेंदबाजी ने प्रबंधन टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।

Also read: WestBengalElection2026 : बंगाल विधानसभा चुनाव 2026, कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 294 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव

बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवानंद को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच का आंखों देखा हाल अभिषेक उपाध्याय ने उत्साहपूर्ण अंदाज में सुनाया। आयोजन को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग से प्रणव सोनी कार्मिक विभाग से मनीष सिंह, विनय तिवारी और हरी शंकर मिश्रा व उत्कर्ष भल्लिका का विशेष योगदान रहा।
ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान इकाई प्रमुख एवं प्रबंधन एकादश के कप्तान एस.सेंथिलनाथ ने कहा कि पिछले कई वर्षों से यह टूर्नामेंट स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक रहा है। एक वर्ष प्रबंधन टीम जीतती है तो अगले वर्ष श्रमिक संघ-इस तरह जीत-हार का सिलसिला चलता रहता है, जो दोनों पक्षों के बीच संतुलन और आपसी सम्मान को दर्शाता है।

लीनु पंचमन ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि टीम भावना और आपसी समन्वय सिखाता है। यदि यही भावना कार्यस्थल पर भी बनी रहे तो संस्थान नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। कृष्ण कुमार ने महान परिसर के कर्मचारियों की एकता, अनुशासन और कार्यसंस्कृति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की इच्छा जताई।
डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कार्मिक विभाग के आयोजन मंडल की प्रशंसा की, वहीं श्रमिक संघ एकादश के कप्तान लखपति साकेत ने कहा कि यह मुकाबला प्रतिस्पर्धा जरूर है, लेकिन भावनाएं भाईचारे की हैं-“हम प्रतिद्वंद्वी नहीं, राम-लक्ष्मण की तरह साथ खेलने वाले साथी हैं।”

मैदान पर पूरे समय सौहार्द, उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। यह मैच केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रबंधन और श्रमिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और एकता को और मजबूत करने का माध्यम बना।

Show More

Related Articles

Back to top button