Sonbhadra: एनटीपीसी सिंगरौली में ‘आदाब अर्ज़ है’ की भावपूर्ण प्रस्तुति, दर्शक हुए भावविभोर

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ के सौजन्य से आयोजित संभागीय नाट्य समारोह के अंतर्गत कर्मचारी विकास केंद्र, एनटीपीसी सिंगरौली में प्रस्तुत नाट्य कृति ‘आदाब अर्ज़ है’ ने दर्शकों को गहरे भावनात्मक अनुभव से रूबरू कराया। समर्पित साहित्यिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था, प्रयागराज द्वारा मंचित इस नाटक का प्रभावशाली रूपांतरण प्रसिद्ध रंगकर्मी सलीम आरिफ ने किया, जबकि निर्देशन की कमान संजू साह ने संभाली। कलाकारों के सजीव अभिनय और भावपूर्ण संवादों ने सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रस्तुति प्रेम, संवेदना और सामाजिक यथार्थ की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को केवल मनोरंजन ही नहीं देते, बल्कि मानवीय मूल्यों और आत्मचिंतन की दिशा में भी प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर प्रज्ञा नायक, वनिता समाज की अध्यक्षा, सीआईएसएफ के कमांडेंट, विभिन्न विभागों के प्रमुख, संगीत नाटक अकादमी के कार्यक्रम प्रभारी प्रशांत, कार्यक्रम ऑब्जर्वर दिनेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और दर्शक उपस्थित रहे।

Also Read: संसद परिसर में राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू में तीखी बहस, ‘गद्दार दोस्त’ बनाम ‘देश के दुश्मन’ तक पहुंची जुबानी जंग

नाटक के प्रत्येक दृश्य ने दर्शकों के मन को छू लिया। प्रभावी मंच-सज्जा, संगीत और कलाकारों की अभिव्यक्ति ने कहानी को जीवंत बना दिया, जिससे पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके प्रयासों को यादगार बताया।

मुख्य अतिथि ने समर्पित साहित्यिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था, प्रयागराज की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े रचनात्मक नाट्य प्रयासों के माध्यम से सकारात्मक चेतना का संचार कर रही है। इस तरह ‘आदाब अर्ज़ है’ की प्रस्तुति ने न केवल समारोह की गरिमा बढ़ाई, बल्कि दर्शकों के लिए एक विचारोत्तेजक और स्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव भी साबित हुई।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button