Pharma Conclave : “पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए?”, फार्मा कॉन्क्लेव में सीएम योगी का सख़्त संदेश

Pharma Conclave : फार्मा कॉन्क्लेव में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा बयान दिया। बोले - पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? एनकाउंटर और जीरो टॉलरेंस नीति पर पढ़ें पूरी खबर।

Pharma Conclave : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार के रुख को एक बार फिर दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है। पुलिस मुठभेड़ों पर उठ रहे सवालों के बीच सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों के प्रति सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मंगलवार को लखनऊ में आयोजित पहले फार्मा कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अक्सर सवाल किया जाता है कि पुलिस ने गोली क्यों चलाई। मैं पूछता हूं – पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए?”

एनकाउंटर पर उठे सवालों का जवाब

सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश में हो रहे कथित हाफ एनकाउंटर (पैर में गोली मारने की घटनाएं) पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि पुलिस को सज़ा देने का अधिकार नहीं है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने यह स्पष्ट नीति तय कर रखी है कि कानून सभी के लिए समान है। उन्होंने कहा, “कोई अपना हो या पराया, अगर कोई गलत करेगा तो उस पर वही कठोर कानून लागू होगा, जो किसी माफिया पर लागू होता है।”

“जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा”

सीएम योगी ने कहा कि सरकार हमेशा चाहती है कि कार्रवाई कानून के दायरे में रहे, लेकिन जब अपराधी कानून से डरने को तैयार नहीं होता, तो परिस्थितियों के अनुसार सख़्ती ज़रूरी हो जाती है।

उन्होंने कहा, “अगर अपराधी को गोली चलाने की आज़ादी है, तो पुलिस के पास भी हथियार इसी लिए हैं कि वह उसका डटकर मुकाबला कर सके। पुलिस का प्रशिक्षण ही इसी उद्देश्य से होता है।”

अपराध पर नियंत्रण, निवेश को मिला बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 9 वर्षों में अपराधियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई का असर साफ़ दिखाई दे रहा है। बड़े त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुए, दंगा-फसाद और गुंडा टैक्स की घटनाएं खत्म हुईं और प्रदेश में अराजकता का माहौल समाप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कारण ही आज उत्तर प्रदेश देश-दुनिया के निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बन चुका है।

भ्रष्टाचार पर भी जीरो टॉलरेंस

सीएम योगी ने साफ किया कि भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ लड़ाई बिना किसी भेदभाव के जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर शासन-प्रशासन से जुड़ा कोई व्यक्ति भी गलत करेगा, तो उसे भी माफिया की तरह ही कानूनी परिणाम भुगतने होंगे।

राजनीतिक गलियारों में सीएम योगी के इस बयान को पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने और अपराधियों को अंतिम चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button