UP News : संत रविदास जयंती पर विभाजनकारी ताकतों को सीएम योगी का कड़ा संदेश

UP News. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

UP News. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बाराबिरवा, कानपुर रोड स्थित संत रविदास मठ में संत रविदास जी की प्रतिमा और नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की प्रेरणा आज भी समाज को ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा रही है और लोककल्याण के प्रति प्रेरित करती है।

सीएम योगी ने कहा कि संत रविदास का प्रकटीकरण उस दौर में हुआ, जब देश विदेशी आक्रांताओं के अत्याचार से त्रस्त था। ऐसे कठिन समय में उन्होंने साधना की पवित्रता को कर्म साधना से जोड़ते हुए समाज को नई दिशा दी। वैष्णव परंपरा के अनुरूप उनकी उपासना पद्धति कर्म की प्रधानता, मन की शुद्धता और समाज के कल्याण पर आधारित थी।

संतों ने समाज को जोड़ने का किया ऐतिहासिक कार्य

मुख्यमंत्री ने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन ‘मन चंगा तो कठौती में चंगा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन का आधार कर्म है। अच्छे कर्म का फल अच्छा और बुरे कर्म का परिणाम भी वैसा ही होता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जगद्गुरु रामानंदाचार्य से दीक्षा प्राप्त कर कर्म साधना के माध्यम से लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। मध्यकाल में विभिन्न जातियों से शिष्यों को दीक्षा देकर संतों ने समाज को जोड़ने का जो कार्य किया, वही आधुनिक भारत की नींव बना।

संत की वाणी कभी व्यर्थ नहीं जाती

सीएम योगी ने कहा कि संत रविदास का सपना था ऐसा शासन, जहां कोई भूखा न सोए और हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन मिले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद सरकार ने संत रविदास की इसी प्रेरणा को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस, शौचालय, मुफ्त बिजली कनेक्शन, राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से गरीबों को सीधा लाभ दिया गया। ‘सबका साथ–सबका विकास’ की भावना के मूल में संत रविदास की ही प्रेरणा है।

डबल इंजन सरकार ने जताई महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता

सभागार लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार महापुरुषों और संतों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट कर रही है। सभागार बनने से अब हर मौसम में कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी। उन्होंने सीर गोवर्धन धाम के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि फोरलेन सड़क, लंगर हॉल और भव्य प्रतिमा से अब यह धाम राष्ट्रीय पहचान बन चुका है।

विभाजनकारी ताकतों को सिर उठाने का अवसर नहीं देंगे

सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि विभाजनकारी ताकतें समाज को बांटने का प्रयास करेंगी, लेकिन गुलामी के दौर को याद रखते हुए उन्हें सिर उठाने का अवसर नहीं देना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और संप्रभुता के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। प्रदेश में सनातन और बौद्ध परंपरा से जुड़े 1200 से अधिक स्थलों के पुनरोद्धार का कार्य सरकार द्वारा किया गया है।

माघ पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संतों की प्रेरणा और कठिन साधना ही संकट के समय देश और समाज को मजबूती प्रदान करती है। संत रविदास की वाणी ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button